समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24सितंबर। देशवासियों को जल्द ही दिवाली का तोहफा मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार पूरे देश में 5G सेवाएं 1 अक्टूबर से शुरू करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद 1 अक्टूबर को इंडिया मोबाइल कांग्रेस में 5G सेवाएं लॉन्च करेंगे। सरकार के नेशनल ब्रॉडबैंड मिशन ने आज ट्वीट करके यह जानकारी दी है।
उसने कहा है कि भारत के डिजिटल ट्रांसफोर्मेशन और कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत में एशिया के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी इंडिया मोबाइल कांग्रेस में 5G सेवाओं की शुरुआत करेंगे।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस को एशिया में सबसे बड़ा टेलीकॉम, मीडिया और टेक्नोलॉजी फोरम माना जाता है। इसे संयुक्त तौर पर डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम्युनिकेशंस (DoT) और सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) आयोजित करते हैं।
जानकारों का कहना है कि 5G टेक्नोलॉजी आने से भारत को बड़ा फायदा होगा। मोबाइल नेटवर्क ऑपरेटर्स का प्रतिनिधित्व करने वाली वैश्विक औद्योगिक संस्था का अनुमान है कि साल 2023 और 2040 के बीच इससे भारतीय अर्थव्यवस्था को 36.4 ट्रिलियन रुपये या 455 अरब डॉलर का फायदा होने की उम्मीद है।