समग्र समाचार सेवा
काठमांडू, 29मई। नेपाल में तारा एयर के एक विमान का संपर्क टूट गया है। विमान ने रविवार सुबह उड़ान भरी थी। एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, तारा एयर के डबल इंजन विमान ने आज सुबह पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरी थी। आखिरी बार विमान से सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर संपर्क हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि विमान में 22 यात्री सवार हैं।
नेपाल के स्थानीय मीडिया के अनुसार लापता विमान में 4 भारतीय और 3 जापानी नागरिक भी सवार हैं। बाकी सभी शेष नेपाली नागरिक थे और विमान में चालक दल सहित कुल 22 यात्री हैं। मीडिया के अनुसार अधिकारी लगातार संपर्क साधने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
वहां के मुख्य जिला अधिकारी नेत्र प्रसाद शर्मा ने एएनआइ को बताया कि विमान को मस्टैंग जिले में जोमसोम के आसमान के ऊपर देखा गया था और फिर उसे माउंट धौलागिरी की ओर मोड़ दिया गया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद से यह संपर्क में नहीं आया है।
बता दें कि साल 2016 में भी तारा का एक विमान लापता होने के बाद क्रैश हो गया था। जानकारी के अनुसार उत्तरी नेपाल के पहाड़ी इलाके में लापता हुए 23 यात्रियों को लेकर तारा हवाई जहाज दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में सभी यात्री मारे गए थे। उड़ान का कुल समय 19 मिनट था, लेकिन उड़ान भरने के आठ मिनट बाद विमान ने संपर्क खो दिया था।
Nepal | Tara Air's 9 NAET twin-engine aircraft carrying 19 passengers, flying from Pokhara to Jomsom at 9:55am, has lost contact: Airport authorities
— ANI (@ANI) May 29, 2022