समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 19मई। प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और जनता के प्रति जवाबदेही तय करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। मुख्यमंत्री ने सुबह देहरादून के संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में छापा मारा।
छापे के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी अनुपस्थित मिले। मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए मौके पर ही आरटीओ दिनेश चंद्र पठोई को निलंबित करने के निर्देश दिए, शाम को सचिव परिवहन ने उनके निलंबन आदेश जारी कर दिए। पठोई को परिवहन आयुक्त कार्यालय में संबद्ध कर दिया गया है।
वह सुबह नौ बजकर 55 मिनट पर ही आरटीओ कार्यालय पहुंच गए थे। सवा दस बजे तक भी 65 में से 25 कार्मिक कार्यालय में उपस्थित नहीं पाए गए। साथ ही संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) दिनेश चंद्र पठोई भी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे।
इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए मुख्यमंत्री ने आरटीओ को निलंबित करने के निर्देश जारी किए। शाम तक आरटीओ को निलंबित भी कर दिया गया। इसके साथ ही उन्हें परिवहन आयुक्त कार्यालय में अटैच कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जब बुधवार सुबह आरटीओ कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने 10 बजे तक कार्मिकों का इंतजार किया। इसके बाद कार्यालय का मुख्य गेट बंद करा दिया गया। सभी उपस्थिति रजिस्टर मंगाए गए और बायोमीट्रिक उपस्थिति का भी परीक्षण किया। समय पर कार्यालय न पहुंचने वाले कार्मिकों की अनुपस्थिति दर्ज की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आरटीओ कार्यालय जनता से सीधे तौर पर जुड़ा है। कार्मिकों के समय पर उपस्थित न होने के चलते जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके लिए सीधे तौर पर आरटीओ जिम्मेदार हैं।
उन्होंने तत्काल निर्देश जारी किए गए आरटीओ को निलंबित करने के साथ अनुपस्थित कार्मिकों का वेतन रोक दिया जाए। परिवहन सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी ने बताया कि जो कार्मिक अनुपस्थित पाए गए हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब आने तक सभी का वेतन रोक दिया गया है।