दिल्ली में खुलेआम फायरिंग से थर्राया सुभाष नगर

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

 समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 8 मई। दिल्ली में शनिवार को डबल शूटआउट से हड़कंप मच गया। सबसे पहले नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं सुभाष नगर में बीच बाजार में मंडी प्रधान और उसके भाई पर हुई 10 राउंड फायरिंग  से इलाका दहल उठा। पुलिस अब दोनों मामलों की जांच में जुटी है।

फायरिंग से दहली दिल्ली

राजधानी के सुभाष नगर में अंधाधुंध फायरिंग से दहशत फैल गई। यहां खुले आम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। दिल्ली पुलिस  की एक टीम अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की तलाश में जुटी है। सुभाष नगर में हुई वारदात की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गई।

तीन बदमाश एक इनोवा कार पर फायरिंग कर रहे

सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि तीन बदमाश एक इनोवा कार पर फायरिंग कर रहे हैं। बदमाशों को किसी का खौफ नहीं है। वो भरे बाज़ार में कार पर दनादन गोलियां दाग रहे हैं। बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। जब कार के अंदर से हलचल होनी बंद हो जाती है तब बदमाश किनारे हो जाते हैं। लेकिन तभी इनोवा कार अचानक तेजी से आगे की ओर बढ़ जाती है। थोड़ी देर बाद कार फिर से वारदात वाली जगह पर आती है और भीड़ के बीच से निकल जाती है।

गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी का माहौल

दरअसल इनोवा कार में सवार होकर केशोपुर मंडी के प्रधान अजय चौधरी और उनके भाई जस्सा चौधरी तिहाड़ गांव से कालरा अस्पताल में भर्ती अपने एक परिचित को देखने के बाद घर की ओर लौट रहे थे। कार जैसे ही सुभाष नगर इलाके में पहुंची तभी वहां पर पहले से मौजूद हमलावरों ने चलती कार पर गोलियां बरसानीं शुरू कर दीं। गोली चलते ही अफरा-तफरी मची और लोग इधर-उधर भागने लगे।

गोली लगने वाले दोनों की हालत गंभीर

फायरिंग में घायल दोनों भाईयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस  वारदात की जानकारी होते ही दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई ये वारदात कई सवाल खड़े कर रही है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.