अवैध मजार व झूठे केस वापस नहीं लिए तो आंदोलन: विहिप

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा

नोएडा, 1 मई। शहर में बड़े पैमाने पर बढ़ती मजारों के खिलाफ और बृहस्पतिवार को सेक्टर-39 थाने में विवाद के बाद विश्व हिंदू परिषद (विहिप) अब आरपार की लड़ाई की तैयारी में है। विहिप के प्रांतीय मंत्री डॉ. राज कमल गुप्ता ने कहा कि नोएडा में जगह-जगह बनीं अवैध मजारों को यदि हटाया नहीं गया तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को मजारों के संबंध में प्राधिकरण व जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर लौटते समय विहिप के पदाधिकारियों पर सेक्टर-39 थाने के बाहर कुछ लोगों ने जानलेवा हमले का प्रयास किया था। बाद में बताया गया कि बिना वर्दी में पुलिसकर्मी थे। कार्यकर्ताओं को झूठे केस में फंसाने का प्रयास किया गया, जो बेहद निंदनीय है। यह नोएडा पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला कदम है।

थाने के सामने जान से मारने की सरेआम धमकी देने वाले पुलिसकर्मी को अविलंब गिरफ्तार किया जाए और कार्यकर्ताओं पर झूठे केस लगाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, सभी मुकदमे वापस लिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में कोई ढिलाई बरती गई तो विहिप-बजरंगदल के कार्यकर्ता संपूर्ण हिंदू समाज के साथ राज्यव्यापी आंदोलन को मजबूर होंगे।

बता दें कि बृहस्पतिवार को विहिप के कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच सेक्टर-39 थाने में विवाद हो गया था। पुलिस ने मारपीट के आरोप में विहिप के कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। साथ ही, कुछ लोगों को हिरासत में लिया था, लेकिन देर रात तक सभी को छोड़ दिया गया था। विहिप के नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया था।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.