समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 17 अप्रैल। राजधानी दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में दिन के समय भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में फिर लू की स्थिति बन रही है। राष्ट्रीय राजधानी में दिन के समय मौसम साफ रहेगा लेकिन 18 अप्रैल से फिर दो दिन लू से राहत नहीं मिलेगी। दिल्ली में आज, 17 अप्रैल 2022 को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहेगा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना है।
राजधानी में दिनोंदिन गर्मी बढ़ रही
राजधानी में दिनोंदिन गर्मी बढ़ रही है। तेज धूप और गर्म हवा के कारण दिन के समय लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। सोमवार से दिल्ली में फिर से लू चलेगी। वहीं मौसम विभाग ने बुधवार तक तीन दिन के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। इस दौरान दिन का तापमान 43 डिग्री तक दर्ज हो सकता है। तेज धूप भी रोज परेशान करेगी क्योंकि फिलहाल बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
शनिवार को भी दिनभर तेज धूप खिली रही
इस बीच, शनिवार को भी दिनभर तेज धूप खिली रही। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 40 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 21 से 70 प्रतिशत रहा। स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स सबसे गर्म इलाका रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में 26.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। सभी स्वचालित मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 38.9 से 41.8 डिग्री सेल्सियस से बीच दर्ज हुआ।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, केरल और दक्षिण कर्नाटक के कुछ हिस्सों में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है।
असम में आंधी बारिश से 14 लोगों की मौत
असम के विभिन्न जिलों में पिछले 48 घंटों के दौरान तेज आंधी के साथ हुई भारी बारिश से 14 लोगों की मौत हो गई।