कोरोना के मामले घटे पर मौतों के आंकड़ों से डर का माहौल

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 5 फरवरी। देश के अधिकांश बड़े राज्यों में कोरोना संक्रमण घटने के चलते इलाजरत मरीजों की तादाद घट गई है। इसका ही असर है कि राष्ट्रीय संक्रमण दर में आवश्यक गिरावट दर्ज की गई, शुक्रवार को संक्रमण दर 9.22 फीसदी हो गई जो कि दस दिन पहले 19.59 फीसदी पहुंच गई थी। तीसरी लहर के दौरान बीस जनवरी को चौबीस घंटों के भीतर 3.47 लाख संक्रमित मिले थे और इस दिन के बाद से हर दिन दर्ज होने वाले नए मरीजों की संख्या घटती जा रही है। यानी पिछले 15 दिनों से कोरोना संक्रमण में गिरावट जारी है, इससे अस्पतालों का बोझ भी घटा है। इसके आधार पर विशेषज्ञ मान रहे हैं कि देश में तीसरी लहर मंद पड़ने लगी है। 20 जनवरी तक 11 राज्यों में 50 हजार से ज्यादा इलाजरत मरीज थे, इनमें से महाराष्ट्र और कर्नाटक की स्थिति सबसे गंभीर थी और पूरे देश में 21 लाख मरीजों का इलाज चल रहा था। जबकि शुक्रवार को देश में इलाजरत मरीजों की तादाद 14.35 लाख रह गई है।

34 राज्यों के संक्रमण में गिरावट

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश के 34 राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण के नए मामलों और संक्रमण दर में गिरावट दर्ज की गई है। इसमें दिल्ली, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश और राजस्थान आदि शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि महामारी की स्थिति में सुधार हुआ है और 268 जिलों में संक्रमण दर 5 प्रतिशत से नीचे है। हालांकि अभी केरल और मिजोरम में कोविड संक्रमण में वृद्धि हुई है।

लगातार मौतों में वृद्धि से चिंता बरकरार

देश में जहां रोजाना दर्ज होने वाले संक्रमण के मामले घटते जा रहे हैं, वहीं रोजाना दर्ज होने वाली मौतों में वृद्धि हो रही है। इस स्थिति के चलते संक्रमण में गिरावट की स्थिति में आंशिक संशय भी बना हुआ है। उदाहण से समझें तो 20 जनवरी को देश में 3.47 लाख मामलों पर 703 मौतें हुईं, 27 जनवरी को 2.51 लाख केसों पर 573 मौतें हुईं। दूसरी ओर, दो फरवरी को 1.72 केसों पर 1192 मौतें हुईं। नए मरीजों के मुकाबले बहुत अधिक मौतें होने के आंकड़े इस दावे पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं कि ओमीक्रोन वेरिएंट से फैला संक्रमण बहुत हल्का है।

कोरोना के दैनिक संक्रमण डेढ़ लाख से नीचे

विगत 21 जनवरी के बाद से देश में कोरोना के संक्रमण में कमी का दौर जारी है। शुक्रवार को नये संक्रमण 149394 दर्ज किए गए हैं जो 9 जनवरी के बाद सबसे कम है। इसके अलावा संक्रमण दर भी दस फीसदी से कम रही है। बता दें कि तीसरी लहर में सर्वाधिक 3.47 लाख नये संक्रमित 21 जनवरी को पाए गए थे। माना जा रहा है कि अब तीसरी लहर की पीक निकल चुकी है क्योंकि लगातार 15वें दिन आंकड़े घटे हैं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.