समग्र समाचार सेवा
भोपाल, 4 फरवरी। मप्र के युवा आईएएस नियाज खान ने दुनिया में इस्लाम की छवि सुधारने के लिये धार्मिक पुस्तक कुरान पर शोध शुरु कर दिया है। इसके अलावा वे मोहम्मद साहब के जीवन पर लिखी किताबों का भी गहन अध्ययन कर अपनी रिसर्च बुक यूरोप से प्रकाशित कराना चाहते हैं। यहां बता दें कि स्वयं नियाज खान का दावा है कि वे पूर्णत: शाकाहारी हैं और सभी धर्मों के प्रति आस्था रखते हैं।
सभी धर्म भाईचारे के प्रतीक
नियाज खान ने शुक्रवार को ट्वीट करके यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दुनिया में सभी धर्म प्रेम और भाईचारा का संदेश देते हैं। इस्लाम धर्म के कट्टरपंथियों ने महान धर्म की झूठी छवि पेश कर धर्म को खराब (बदनाम) किया है। नियाज खान अभी तक छह से अधिक उपन्यास लिख चुके हैं।
वेब सीरीज आश्रम को लेकर चल रहा विवाद
खबरों के मुताबिक, खान के एक उपन्यास पर वेब सीरीज आश्रम बन रही है, लेकिन इसका क्रेडिट न मिलने पर नियाज खान ने आश्रम के निर्माता निर्देशक और कलाकार के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण भी दर्ज किया है। नियाज खान फिलहाल लोक निर्माण विभाग में उप सचिव हैं।