समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 27 जनवरी। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार बुधवार को गणतंत्र दिवस पर मौसम सर्द बना रहा। प्रचंड ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देशभर में बुधवार को 22 लोगों की मौत की खबर है। दिल्ली समेत उत्तर भारत में अभी ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। राजस्थान में भी अगले कुछ दिनों तक लोगों को ठंड से राहत मिलते नहीं दिख रही है। राजधानी जयपुर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहने के अनुमान है। जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक जा सकता है। राज्य में अबतक कुल 5 लोगों की मौत की खबर है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख: मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू, लेह और श्रीनगर में ठंड ने कहर मचा रखा है। यहां पारा अगले कुछ दिनों तक शून्य से नीचे जाएगा।
हिमाचल में बर्फबारी ने बढ़ाई मुसीबत
बर्फबारी के कारण मुसीबतें और बढ़ गई। शिमला, कुल्लू समेत अन्य इलाकों में पानी व यातायात सेवाएं बाधित हो गई हैं। अगले कुछ दिनों में कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी। हालांकि उत्तराखंड में कई दिनों से लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी का सिलसिला थमेगा। राज्य के अधिकतर शहरों में लोग आज धूप का आनंद ले सकेंगे।
उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना
राज्य में अगले कुछ दिनों में शीत लहर कहर मचाती रहेगी। लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उधर बिहार में अगले दो-तीन दिनों में ठंड बढ़ सकती है। पारा तीन से पांच डिग्री तक लुढ़क सकता है। राज्य के कई जिलों में आज अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक रह सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक दर्ज गिर सकता है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के चलते झारखंड के कई हिस्सों में ठंड बरपा रही है। झारखंड के उत्तर पूर्वी हिस्सों में बारिश का अनुमान लगाया है।
ठंड के चलते राज्य में अबतक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।