आरपीएन सिंह पर थरूर का तंज, कहा-छोड़कर जा रहे घर…

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 26 जनवरी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व सांसद शशि थरूर ने पार्टी के नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने पर तंज किया है। उन्होंने एक शेर ट्वीट कर भाजपा के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के जवाब में ‘कांग्रेस युक्त भाजपा’ का ताना कसा। थरूर ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए ट्वीट में लिखा है कि अब भाजपा कांग्रेस जैसी नजर आ रही है, क्योंकि उसमें कई नेता शामिल हो चुके हैं। थरूर ने यह शेर ट्वीट कर अपनी बात कही-

‘छोड़कर जा रहे हैं घर अपना

शायद उनके कुछ और सपने हैं

अब उधर भी सब अपना सा है

अब उधर भी तो सभी अपने हैं’

(कांग्रेस युक्त भाजपा!)

ऐन यूपी चुनाव के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए आरपीएन सिंह ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके चंद घंटों बाद ही उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। उन्होंने ट्विटर पर कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा साझा करते हुए घोषणा की कि वे अपनी राजनीतिक यात्रा का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।

आरपीएन सिंह कांग्रेस के झारखंड प्रदेश प्रभारी थे। उन्हें कांग्रेस ने यूपी चुनाव के लिए अपना स्टार प्रचारक भी नियुक्त किया था। यूपी में फिर कमल खिलाने के इरादे से पार्टी में शामिल होने के बाद भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिंह ने कहा ‘कांग्रेस अब वैसी नहीं रही, मैं पीएम नरेंद्र मोदी के भारत के सपने को पूरा करने के लिए एक कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा। मैं तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छोड़ रहा हूं। देश, जनता व पार्टी की सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद।’

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.