समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 18जुलाई। कोरोना महामारी का प्रकोप देश से गया नही है कि एक बाद एक प्राकृतिक आपदा देश को अपने चपेट में ले रही है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शनिवार रात से हो रही तेज बारिश के कारण कोहराम मचा हुआ है। सड़कों पर जलसैलाब का नजारा दिख रहा है, पूरा जनजीवन अस्त व्यस्त है।
तेज बारिश की वजह से दो जगहों पर दीवार ढहने से अबतक 25 लोगों की मौत हो गई है लेकिन इस घटना में अबतक 16 लोगों को बचाया जा चुका है। कई लोग घायल हैं, जबकि अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है।
कुल मिलाकर बारिश की वजह से अबतक मुंबई में 25 लोगों की मौत हो चुकी है।
मुंबई में हुई इस आपदा पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। राष्ट्रपति ने अपने शोक संदेश में कहा है कि मुंबई के चेंबूर और विक्रोली इलाकों में भारी बारिश के बाद हुई घटनाओं में कई लोगों के हताहत होने की खबर से गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और सफल राहत एवं बचाव कार्य की कामना करता हूं।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए सांत्वना व्यक्त की है और साथ ही मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख मुआवजा देने की घोषणा की है।
बता दें कि महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने मूसलाधार बारिश के कारण चेंबूर और विक्रोली में दुर्घटनाओं में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया है और घोषणा की है कि सरकार मृतकों के उत्तराधिकारियों को 5 लाख रुपये देगी और घायलों को मुफ्त इलाज दिया जाएगा।