विधान परिषद सदस्य एके शर्मा बने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, दो सचिवों की भी हुई नियुक्ति

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 19जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अत्यंत करीबी माने जाने वाले विधान परिषद सदस्य अरविंद कुमार शर्मा को भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति का पत्र जारी करने के साथ ही भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उनको बधाई भी दी।
भाजपा मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पूर्व नौकरशाह एवं मऊ से विधान परिषद सदस्य ए के शर्मा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी व पूर्व आईएएस भाजपा एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा बीते कई दिनों से यूपी राजनीति में चर्चा का केंद्र रहे।

शर्मा को संगठन और सरकार में जगह देने के लिए पिछले कुछ समय से अटकलों का बाजार गर्म था. बयान में कहा गया है कि इसके अलावा अर्चना मिश्रा (लखनऊ) तथा अमित वाल्मीकि (बुलन्दशहर) को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि एके शर्मा गुजरात कैडर के 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी थे और लंबे समय तक प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ कार्य किये था। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और इसके बाद शर्मा को भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य बनाया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज पार्टी के विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की । स्वतंत्र देव सिंह ने प्रांशुदत्त द्विवेदी (फर्रूखाबाद) को युवा मोर्चा, गीता शाक्य राज्यसभा सांसद (औरैया) को महिला मोर्चा, कामेश्वर सिंह (गोरखपुर) को किसान मोर्चा, नरेन्द्र कश्यप पूर्व सांसद (गाजियाबाद) को पिछड़ा वर्ग मोर्चा, कौशल किशोर सांसद को अनुसूचित जाति मोर्चा, संजय गोण्ड (गोरखपुर) को अनुसूचित जनजाति मोर्चा व कुंवर बासित अली (मेरठ) को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.