कांग्रेंस नेता आचार्य प्रमोद ने की मांग, मुतीउर्रहमान खां बब्लू पर हमला करने वालों की जल्द हो गिरफ्तारी
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 12मई। कांग्रेंस नेता आचार्य प्रमोद ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतीउर्रहमान खां बब्लू के लालपुर कला मे जानलेवा हमला करने वालों के लिए जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही आचार्य प्रमोद ने आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही करने की भी मांग की है।
बता दें कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतीउर्रहमान खां बबलू पर चुनावी रंजिश में जानलेवा हमला किया गया था। इस मामलें में पुलिस ने आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। घटना के पांच दिन बाद भी सात नामजद आरोपियों में से छह आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक बुधवार 5 मई की रात को टांडा आए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतीउर्रहमान खां बब्लू जब रात्रि करीब दो बजे वापस अपने घर रामपुर लौट रहे थे। तभी दानिश अंसारी सहित सात लोगों ने लालपुर के पुल पर घेर कर जान से मारने की कोशिश की औऱ फायरिंग के साथ मारपीट भी की। जिसमें पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं उनके साथ गाड़ी में मौजूद उनके साथियों को भी बचाने पर हमलावरों ने हाथापाई कि जिसमे प्रदेश उपाध्यक्ष के साथी भी घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आनन फानन में घायलों को रामपुर स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बबलू के भाई जकीउर्रहमान ने सात लोगों के विरुद्ध टांडा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने अगले दिन एक आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।