समग्र समाचार सेवा
राजगढ़,27 जनवरी।
राजस्थान के टोंक में हुए एक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि 4 अन्य लोग गंभीर घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक एक चलती हुई जीप में तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे का शिकार हुए सभी लोग राजगढ़ जिले के जीरापुर के सोनी परिवार बताए जा रहे हैं, जो खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए गए थे।
ये हादसा जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग-12 के पास सदर थाने के पास हुआ है। मारे गए लोगों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। इस दुर्घटना में जो लोग जख्मी हुए हैं, उन्हें टोंक स्थित अस्पताल में ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें जयपुर रैफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य चलाया गया। जानकारी के मुताबिक ट्रोले का ड्राइवर इस घटना के बाद से ही फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।