समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 19दिसंबर।
किसान आन्दोलन के 24वे दिंन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में और अधिक प्रयास करने के लिए भारतीय उद्योग जगत से आह्वान किया है। पीएम मोदी ने देश के निजी क्षेत्र से अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) में योगदान देने और अधिक से अधिक निवेश करने के लिए कहा। एसोचैम के एक कार्यक्रम को वर्चुअल तौर पर संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मैन्यूफैक्चरिंग पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
पीएम मोदी ने कहा कि हाल में हुए कृषि सुधारों ने लाभ देना भी शुरू कर दिया है।
कोरोना महामारी के दौरान भारत में बड़े पैमाने पर हुए अन्य वैश्विक निवेशों के साथ-साथ विदेशी संस्थागत निवेशों का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेशी निवेशकों और उद्योगों का दृष्टिकोण बदल गया है। पहले वे सोचते थे ‘भारत में क्यों निवेश करें’ लेकिन अब वे सोचते हैं ‘क्यों न भारत में निवेश करें’। इसके आगे उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया चौथी औद्योगिक क्रांति की ओर तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में नई प्रौद्योगिकियां चुनौतियां और उनके समाधान दोनों लेकर आएंगी।