समग्र समाचार सेवा
चंडीगढ़, 22 नवंबर।
पंजाब आम आदमी पार्टी ने पार्टी संगठन का विस्तार करते हुये सत्रह जिलों में 135 ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्तियां की हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवंत सिंह मान तथा पंजाब मामलों के पार्टी प्रभारी जरनैल सिंह ने राज्य के सत्रह जिलों में 135 ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति की और उन्हें शपथ दिलाई गई। इन नियुक्तियों से अब राज्य में 22 जिलों में कुल 460 ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति की जा चुकी है।
मान और जरनैल सिंह ने आज यहां कहा कि ढांचा भंग करने के बाद सभी वर्करों और जमीनी स्तर के लोगों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद विभिन्न पहलूओं पर जांच पड़ताल करने के बाद नई नियुक्तियां की गई हैं। इस मौके प्रतिपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा, महासचिव हरचन्द सिंह बरसट, प्रदेश सचिव गगनदीप सिंह चड्ढा, पार्टी की कोषाध्यक्ष नीना मित्तल मौजूद थे।
मान ने कहा कि नए संगठन के ऐलान से 2022 की विधानसभा चुनाव का आधार मजबूत हो गया है और आम आदमी पार्टी लोगों के सहयोग से कांग्रेस को सत्ता से बाहर करेगी। यह संगठन न सिर्फ पंजाब में सरकार बनाने का कार्य करेगा, वहीं मजबूत संगठन के तौर पर भी कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों के साथ प्रदेश में आम आदमी पार्टी के जमीनी स्तर के वर्करों में उत्साह है और वह अब ओर जोश के साथ लोगों की आवाज बुलंद करेंगे। अकाली और कांग्रेसी जैसी पार्टियों ने राज्य को बर्बाद कर दिया है। इस लिए लोग अब राजनीतिक गंदगी को साफ करने के लिए आम आदमी पार्टी को मौका देंगे और नई राजनीति की शुरुआत करेंगे। मजबूत संगठन बनाने के लिए पार्टी की ओर से जमीनी स्तर पर लोगों के साथ बातचीत करने के बाद पदाधिकारियों का ऐलान किया गया हैं।
जरनैल सिंह ने कहा कि संगठन किसी भी राजनैतिक पार्टी के लिए रीढ़ की हड्डी होती है। इसी को मद्देनजर रखते हुए सभी वर्गों को बराबर का मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि नव-नियुक्त अधिकारियों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह अब आम लोगों को आम आदमी पार्टी की विचारधारा के साथ जोडें और एक मजबूत संगठन का निर्माण करें, जिससे भ्रष्टाचारियों को राजनीति में साफ छवि वाले लोगों के सहयोग से सरकार का गठन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम लोगों को आम आदमी पार्टी के साथ जुडऩे के लिए जल्दी ही नए प्रोग्रामों का ऐलान किया जाएगा।