समग्र समाचार सेवा
कोलकाता,27अक्टूबर।
प्रसिद्ध बांग्ला एक्टर सौमित्र चटर्जी की हालत मंगलवार को और बिगड़ गई है और उन पर इलाज का असर नहीं हो रहा है। अस्पताल के एक सीनियर डॉक्टर ने यह जानकारी दी। डॉक्टर ने कहा कि 85 वर्षीय अभिनेता का पिछले 22 दिन से इलाज चल रहा है और वह दूसरे स्तर के निमोनिया से ग्रस्त हैं. जीवन रक्षक प्रणाली पर रखे गए चटर्जी की किडनियां ठीक से काम नहीं कर रही हैं।
सीनियर डॉक्टर ने कहा, ”चटर्जी मुश्किल से ही होश में आ रहे हैं. उन्हें ऑक्सीजन दी जा रही है और शरीर में पानी की कमी का उपचार भी चल रहा है. उनकी किडनियां ठीक से काम नहीं कर रहीं. उनके शरीर में यूरिया और क्रिएटिनिन का स्तर बहुत बढ़ गया है और उन पर उपचार का असर नहीं हो रहा है. कुल मिलाकर उनकी हालत बिगड़ गई है. वह बहुत गंभीर हैं।
वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि बुजुर्ग एक्टर की मस्तिष्क की स्थिति भी बिगड़ गई है और यह प्रमुख चिंता की बात है. चटर्जी को सोमवार शाम को वेंटिलेटर पर रखा गया था. उनका हीमोग्लोबिन स्तर और प्लेटलेट की संख्या गिर गई है।