अनलॉक-5 के तहत दिल्लीवासियों को बड़ी राहत, साप्ताहिक बाजारों के साथ-साथ 15 अक्टूबर से खुलेंगे सिनेमा हॉल
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,7अक्टूबर।
कोरोना महामारी के कारण लम्बे लॉकडाउन के बाद अब जब धीरे- धीरे जनमानस पटरी पर आ रहे है वहीं अनलॉक-5 के तहत दिल्लीवासियों को एक बड़ी राहत मिली है। दिल्ली में सभी साप्ताहिक बाजारों को खोलने की अनुमति मिल गई है। इसके साथ ही 15 अक्टूबर से सिनेमाघरों को खोलने की मंजूरी दे दी गई है। यह जानकारी स्वयं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दी है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया कि फिलहाल दिल्ली में हर दिन दो साप्ताहिक बाजार हर जोन के हिसाब से खोलने की अनुमति थी, जिसे अब खत्म कर दिया गया है। अब दिल्ली में सभी साप्ताहिक बाजार खोलने पर सहमति बन गई है। इधर केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार देश के सभी सिनेमा हॉल को खोलने की अनुमति दी गई है। इसी क्रम में दिल्ली के भी सिनेमा घरों को खोलने की इजाजत मिली है। हालांकि इसके लिए उन्हें हर उस गाइडलाइन को फॉलो करना होगा जो केंद्र ने सिनेमा हॉल के लिए जारी किया है। दिल्ली में भी अब सिनेमा प्रेमियों को 15 अक्टूबर से सिनेमा देखने के लिए मिलेगा।
केंद्र सरकार के द्वारा जारी गाइडलाइन
1.सिनेमा हाल में मात्र 50 फीसद सीटों का ही उपयोग किया जा सकता है।
2.हॉल के अंदर और बाहर शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। सीटों पर बैठने के लिए और खाली छोड़ने के लिए विशेष मार्क लगाया जाएगा ताकि किसी को एक सीट छोड़कर बैठने में परेशानी ना हो।
3.सिनेमा हाल में अंदर जाते वक्त गेट पर ही सैनिटाइजर की व्यवस्था होगी।
4. एंट्री के वक्त थर्मल स्क्रीनिंग से शरीर का तापमान मापा जाएगा।
5.अगर कोई शख्स कोरोना संक्रमित मिलता है तो अस्पताल को तुरंत सूचना देनी होगी। इधर पूरे हॉल को हर बार शो के बाद सैनिटाइज किया जाएगा। वहीं, दर्शकों को आरोग्य सेतु ऐप इंस्टाल करने की सलाह दी जाएगी।
6.पेमेंट के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।