यूपी सरकार के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन में पहुंचे सीएम केजरीवाल

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा।
नई दिल्ली,2 अक्टूबर।

हाथरस पीड़िता की मौत के बाद देश के हर हिस्सें में जमकर योगी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है। इसी बीच यूपी सरकार के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर तक विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। वामपंथी दल, भीम आर्मी और छात्र संगठनों के सदस्य जंतर मंतर पर हाथरस की घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के बीच सीपीआइ नेता डी राजा, सीपीएम नेता सीताराम येचुरी और भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर पहुंचे हैं। वहीं तीन मेट्रो स्टेशन पर एग्जिट गेट को बंद कर दिया गया है। इसकी जानकारी डीएमआरसी ने दी है।

जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पहुंचे हैं। उनके साथ आम आदमी पार्टी के कुछ नेता व पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद हैं। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने इस धरना प्रदर्शन को अपना समर्थन पहले ही दिया था।
प्रदर्शन को देखते हुए जनपथ मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है। यहां पर एंट्री और एग्जिट गेट दोनों बंद हैं। इसके अलावा राजीव चौक और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर भी एग्जिट गेट को बंद कर दिया गया है। इसकी जानकारी डीएमआरसी ने दी। डीएमआरसी ने बताया कि जनपथ मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन नहीं रुक रही है।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आलोचना करते हुए सीपीएम नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उनकी मांग है कि पीड़िता को न्याय दिया जाए।

जंतर-मंतर पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे हाथरस का दौरा करेंगे। पीड़िता को न्याय दिलाने को लेकर उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने गुरुवार को धरना-प्रदर्शन न करने की अपील संबंधित एक पत्र जारी किया और कहा कि यह पत्र पीड़िता के पिता ने लिखा है। जिसमें कहा गया है कि उनकी मुख्यमंत्री से दूरभाष के जरिए वार्ता हुई। मुख्यमंत्री ने समस्त मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया हैं। मैं मुख्यमंत्री के आश्वासन से संतुष्ट हूं। सभी लोगों से अपील करता हूं कि किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन न किया जाए। प्रशासन की कार्रवाई से पूरी तरह से संतुष्ट हूं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.