पटना, 27 सितंबर 2020। बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय जेडीयू में शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार आज इसकी आधिकारिक घोषणा होनी है।
आपको बता दे कि इसी सप्ताह डीजीपी के पद से ऐच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले गुप्तेश्वर पांडेय शनिवार को जदयू कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने पत्रकारों से कहा कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। यह पूछे जाने पर कि क्या वह जदयू में शामिल हो रहे हैं, पांडेय ने कहा कि अभी वह किसी भी दल में शामिल नहीं हो रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देने आया था। डीजीपी के पद पर रहते हुए उन्होंने मुझे खुलकर काम करने का मौका दिया, जिसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के बारे में कोई फैसला नहीं लिया है। गौरतलब है कि गुप्तेश्वर पांडेय ने मंगलवार, 22 सितंबर की देर शाम वीआरएस ले लिया था। 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी गुप्तेश्वर पांडेय का कार्यकाल पांच महीने बाद समाप्त होने वाला था। 31 जनवरी 2019 को उन्हें सूबे का डीजीपी बनाया गया था। राज्य के पुलिस महानिदेशक के रूप में गुप्तेश्वर पांडेय का कार्यकाल 28 फरवरी 2021 को पूरा होनेवाला था। फेम इंडिया नाम की संस्था ने डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय को देश के 50 चर्चित भारतीयों की सूची में टॉप 10 में शामिल किया है। ये सर्वे फेम इंडिया द्वारा साल 2020 के लिए किया गया था, जिसमें डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने टॉप टेन में जगह बनाई है। अलग-अलग कैटगरी में देश भर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध लोगों की राय और ग्राउंड रिपोर्ट को आधार बना कर किए गए हैं। इसकी घोषणा होने के बाद से शहर में पिछले दो दिनों में जगह- जगह दर्जनों होर्डिंग लगाए गए हैं। गुप्तेश्वर पांडेय की तस्वीर के साथ बने इस पोस्टर को भी चर्चा का बिंदु बनाया गया है। वहीं बिग बॉस और गैंग्स ऑफ वासेपुर फेम दीपक ठाकुर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीर पोस्ट की है। इनके म्यूजिक वीडियो पर भी बहस हो रही है।
