लखनऊ, 24 सितंबर 2020। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिया है। सीएम योगी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि दुराचारियों और छेड़खानी करने वालों को छोड़ा नहीं जाएं। उन्होंने महिलाओं, बच्चियों से छेड़खानी, दुर्व्यहार, अपराध और यौन अपराध में लिप्त अपराधियों के पोस्टर शहर के सार्वजनिक स्थानों पर लगाने का आदेश दिया है, ताकि ऐसे लोगों को समाज के सामने लाकर शर्मिंदा किया जा सके। उन्होंने सख्ती से आदेश दिया कि भी महिलाओं के साथ कोई आपराधिक घटना हुई तो संबंधित बीट इंचार्ज, चौकी इंचार्ज, थाना प्रभारी और सीओ जिम्मेदार होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद अब नागरिक संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने वाले उपद्रवियों के पोस्टर की तरह ही मनचलों, शोहदों और दुराचारियों के पोस्टर पूरे शहर में लगेंगे। उत्तर प्रदेश में मिशन दुराचारी के तहत होने वाले इस कार्रवाई की जिम्मेदारी महिला पुलिसकर्मियों को दी गई है। ये महिला पुलिसकर्मी ऐसे शोहदों और मनचलों की पहचान कर उनके पोस्टर को शहर के चौराहों और सार्वजनकि स्थलों पर लगवाएंगी।