पूनम शर्मा
दुनिया भर के बाज़ारों में एक नई घबराहट ने दस्तक दी है। वजह? गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई का वह बयान जिसमें उन्होंने साफ कहा कि “एआई का बबल फटेगा—और बहुत जल्द फटेगा।” बयान आते ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेज हलचल दिखी, और कहा जाने लगा कि एनडीए (NASDAQ-100) के स्टॉक्स में 2.4% की गिरावट इसी डर का नतीजा है।
लेकिन सिर्फ गिरावट ही कहानी नहीं है—कहानी यह है कि आखिर दुनिया इतने बड़े स्तर पर एआई को लेकर डरी क्यों हुई है? और भारत इससे प्रभावित होगा या अपने आप को बचा पाएगा?
मानव का आलस, मशीन का विकास और एआई की जन्मकथा
एक समय था जब मनुष्य ने अपने शरीर का काम मशीनों को सौंपा—हल से लेकर ट्रैक्टर तक। फिर दिमाग की थकान भी उसने मशीनों को पकड़ा दी। यह आलस नहीं बल्कि सभ्यता की यात्रा थी—और इसी यात्रा ने जन्म दिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को।
2022 के बाद वह दुनिया बदली जिसे हमने कभी सोचा भी नहीं था। अचानक कुछ कंपनियों के स्टॉक आसमान पर पहुँच गए। अमेरिका में NVIDIA की वैल्यूएशन दो साल में पाँच ट्रिलियन डॉलर पार कर गई—जो भारत की पूरी जीडीपी से अधिक है।
लेकिन सवाल उठता है—ये चमत्कार था या बबल?
भारत–देखता रहा, करता नहीं गया एआई ने जितनी तेजी से दुनिया बदली, भारत लगभग दर्शक बनकर बैठा रहा। हमारे पास सेमीकंडक्टर नहीं हमारे पास प्रोडक्ट-बेस्ड टेक कंपनियाँ नहीं हम सिर्फ सर्विस सेक्टर के विशेषज्ञ—TCS, Infosys, Wipro नतीजा यह हुआ कि भारत में एआई उपयोग तो बन गया, लेकिन इनोवेशन नहीं बन पाया। कई विशेषज्ञ यह भी तर्क दे रहे हैं कि शायद इसी कारण—भारत भविष्य में उस बड़े एआई शॉक से बच जाएगा, जिस से अमेरिका और चीन जैसे देशों को खतरा है। यह ठीक वैसा ही है जैसे 2008 की वैश्विक आर्थिक मंदी में भारत इसलिए बच गया क्योंकि यहाँ लोगों के खाते कम थे। एआई को चाहिए सिर्फ एक चीज़—डेटा, और वो हमारे पास बेहिसाब है
एआई कंपनियों को सबसे ज्यादा क्या चाहिए?
डेटा। हमारा व्यवहार, आदतें, भावनाएँ, लोकेशन, खरीदारी—सब डेटा है। जियो ने इंटरनेट सस्ता किया, एयरटेल ने अपनी खूबियाँ बढ़ाईं—हमने सोचा मुफ्त सुविधा है, लेकिन असल में हमने सालों का व्यवहार खुद सौंप दिया। इसी डेटा पर एआई चलती है—और इसी डेटा से हम पर प्रयोग भी। गूगल आपको वही दिखाता है जो आप देख रहे हैं। अमेज़न वही प्रोडक्ट सामने रखता है जिसे आप सोच भी नहीं रहे होते—लेकिन एआई आपके मन को पढ़ चुकी होती है।
तो सवाल उठता है—डेटा हम दे रहे हैं, एआई कंपनियाँ कमा रही हैं, फायदा किसका?
OpenAI, ChatGPT और वह डर जिससे दुनिया काँप रही है
2022 में जब सैम ऑल्टमैन ने ChatGPT लॉन्च किया, दुनिया में खोज का तरीका हमेशा के लिए बदल गया। गूगल 10 लिंक देता था ChatGPT सीधे जवाब साथ में संदर्भ भी लोगों को लगा—यह गूगल का अंत है। फिर कंपनियों ने एआई को सिर्फ सर्च नहीं बल्कि— वीडियो, आवाज़, लेखन, डिज़ाइन, एनालिटिक्स—सबमें लागू कर दिया।
नतीजा? लाखों नौकरियाँ खत्म।
Amazon – 14,000 कर्मचारी कम
UPS – 48,000 कम
Intel – हजारों की छँटनी
जो काम इंसान करता था, वह अब एआई पल भर में कर देती है। और अब बबल बनने लगा— कंपनियाँ अरबों डालर लगा रही हैं, पर कमाई का मॉडल अभी स्थायी नहीं। यही डर सुंदर पिचाई ने सामने रखा—“एआई बबल जल्द फटेगा।”
अगर अमेरिकी बाज़ार टूटे, क्या भारत बचेगा?
दुनिया के सबसे बड़े फंड अमेरिकी बाजार का अनुसरण करते हैं।अगर अमेरिका में गिरावट आती है, तो इससे वैश्विक बाज़ार हिलते ही हैं। लेकिन इस बार भारत की खास स्थिति है—हमने एआई में अति-निवेश नहीं किया हमारे पास चिप निर्भरता नहीं (क्योंकि हम बनाते ही नहीं) भारतीय निवेशक तुलनात्मक रूप से स्थिर ,इसलिए माना जा रहा है कि भारत पर इसका प्रभाव सीमित रहेगा—अमेरिका या चीन जैसा गहरा झटका नहीं लगेगा।
तो क्या भारत वाकई बच जाएगा?
यह सबसे बड़ा भ्रम भी हो सकता है और सबसे बड़ा मौका भी।भारत इसलिए बच सकता है क्योंकि—एआई में हमारी हिस्सेदारी कम है हमारा बाज़ार घरेलू निवेश पर अधिक आधारित है सर्विस सेक्टर मानव-आधारित है, तुरंत ऑटोमेशन संभव नहींलेकिन भारत इसलिए नुकसान भी उठा सकता है क्योंकि—हमने एआई को इनोवेशन नहीं बनाया । वैश्विक एआई दौड़ से बाहर रहकर हम पीछे रह सकते हैं । भारतीय युवाओं की नौकरियों पर एआई का दबाव बढ़ेगा
निष्कर्ष:
असल डर बबल का नहीं, हमारी तैयारी का है । सुंदर पिचाई का बयान एक चेतावनी भी है और सच्चाई भी। बबल फटेगा या धीरे-धीरे हवा निकलेगी—ये तो समय बताएगा। लेकिन भारत के सामने सबसे बड़ा प्रश्न यह है— क्या हम दुनिया की सबसे बड़ी तकनीकी क्रांति को सिर्फ देखेंगे, या उसमें हिस्सा भी लेंगे? पहले औद्योगिक क्रांति में हम पीछे रह गए ,डिजिटल क्रांति में देर से आए, क्या एआई क्रांति भी हमारे हाथ से निकल जाएगी? यही असली चिंतन है—क्योंकि बबल फटे या न फटे, बदलती दुनिया की दौड़ में यदि हम गति नहीं पकड़ पाए, तो पीछे रह जाना तय है।