अयोध्या में दर्दनाक हादसा: घर में धमाका, 5 की मौत — मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी

पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के पगला भारी गांव में गुरुवार देर रात हुए जोरदार धमाके से एक मकान पूरी तरह ढह गया। हादसे में तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • गुरुवार रात पगला भारी गांव में जोरदार धमाके से मकान गिरा, पांच की मौत
  • मृतकों में तीन बच्चे और दो वयस्क, कई लोग अब भी मलबे में दबे होने की आशंका
  • घटनास्थल से मिला फटा गैस सिलेंडर, पटाखा ब्लास्ट या गैस लीक की आशंका
  • SSP, IG और प्रशासनिक टीमें मौके पर मौजूद, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

समग्र समाचार सेवा
अयोध्या, 10 अक्टूबर: अयोध्या जिले के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के पगला भारी गांव में गुरुवार देर रात हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज आवाज के साथ पूरा मकान ढह गया, जिससे तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है, जबकि अब भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

धमाके से धराशायी हुआ मकान
गुरुवार रात गांव निवासी रामकुमार उर्फ पारसनाथ के घर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की गूंज दूर तक सुनाई दी। कुछ ही पलों में मकान मलबे में तब्दील हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। SSP डॉ. गौरव ग्रोवर, SP सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और CO अयोध्या घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।

3 बच्चों समेत पांच की मौत, मलबे में दबे लोगों की तलाश
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. आशीष पाठक ने बताया कि पांचों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन सभी मृत अवस्था में थे। सभी के शरीर बुरी तरह झुलसे हुए थे। प्रशासन JCB की मदद से मलबा हटाने का काम कर रहा है और लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है।

सिलेंडर लीक या पटाखा विस्फोट की आशंका
घटनास्थल से एक फटा हुआ सिलेंडर और कुकर मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि घर में रखे पटाखों के बीच गैस सिलेंडर लीक हो गया, जिससे ब्लास्ट हुआ। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन अलर्ट, आसपास के घर खाली कराए गए
IG प्रवीण कुमार और SSP डॉ. गौरव ग्रोवर घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस बल ने इलाके को घेर लिया है और एहतियातन पास के घरों को खाली कराया गया है। फिलहाल प्रशासन का ध्यान मलबे में दबे लोगों को निकालने पर केंद्रित है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.