राजस्थान गौरव यात्रा का हुआ आगाज भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

राजसमंद, राजस्थान: राजस्थान गौरव यात्रा का आज राजसमंद जिले के श्री चारभुजा नाथजी के मंदिर से आगाज हुआ। इस यात्रा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जानकारी के अनुसार आज श्री चारभुजा नाथ जी मंदिर में सीएम वसुंधरा राजे और शाह ने पूजा अर्चना की। इसके बाद सीएम विजय रथ में सवार हुईं। शाह ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। इसी के साथ बीजेपी ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव की विधिवत शुरुआत कर दी है। विजय रथ प्रदेश में चुनावी सभाएं करेगा। राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान प्रदेश के 200 विधानसभा क्षेत्रों में से 165 में जाकर पार्टी के पक्ष में प्रचार किया जाएगा।

40 दिन की गौरव यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री राजे का कार्यक्रम बहुत व्यस्त रहेगा। विजय रथ में सवार होकर सीएम राजे 15 अगस्त तक उदयपुर संभाग में रहेंगी। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल होंगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह उनका स्वागत होगा। वे चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी। 16 अगस्त को सीएम भरतपुर संभाग में रहेंगी। रणथंभौर गणेश मंदिर से संभाग में चुनावी सभाएं करेंगी। इसके बाद 2 सितंबर को सालासर बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर बीकानेर संभाग में चुनावी रैलियां की जाएंगी। 10 सितंबर से कोटा संभाग, 16 सितंबर से जयपुर संभाग और 23 सितंबर से अजमेर संभाग में चुनावी रैलियां की जाएंगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कल मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान गौरव यात्रा के रथ की पूजा कर उसे राजसमंद के लिए रवाना किया था। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी भी मौजूद थे। गौरव यात्रा के रथ की विधि-विधान से पूजा करवाई गई और प्रसाद भी बांटा गया। इसके बाद रथ राजसमंद के लिए रवाना किया था।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.